फतेहपुर। बिंदकी स्थित चकहाता औद्योगिक क्षेत्र को विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसमें 200 से 800 वर्गमीटर के कुल 33 भूखंड होंगे।
सड़क, बिजली, पानी, पार्क और बाउंड्रीवाल बनाई जाएगी। मानचित्र उद्योग निदेशक को भेजा जा चुका है। 15 दिनों में अनुमति मिलने की उम्मीद है। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।
जिला उद्योग विभाग ने आठ जगहों को लघु औद्योगिक क्षेत्र के रूप में 1989 में तैयार किया। इसमें बिंदकी के चकहाता में कुल 36 भूखंड बनाए गए। यहां पर गोशाला संचालित होने से पूरी जमीन ऊबड़-खाबड़ हो गई थी। इस औद्योगिक क्षेत्र को अब दोबारा विकसित करने की योजना जिला उद्योग विभाग ने बनाई है।
यहां पर 200 वर्ग मीटर से लेकर 800 वर्ग मीटर के कुल 33 भूखंड बनाए गए हैं। इसके साथ ही दो पार्क, पांच रास्ते, बिजली, पानी की व्यवस्था के साथ एक विभागीय कार्यालय बनाया जाएगा। जमीन को अतिक्रमण से बचाने के लिए चारों ओर बाउंड्रीवाल बनाई जाएगी। उद्योग के नजरिये से पूरी सुविधाएं तैयार की जाएगी। 28,530 वर्ग मीटर पर पूरा औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। इसका मानचित्र बनाकर उद्योग निदेशक को भेजा गया है।
जिला उद्योग विभाग के उपायुक्त चंद्रभान सिंह ने बताया कि मानचित्र को जल्दी ही स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। इसके बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र को विकसित किया जाएगा।