फतेहपुर। पुलिस, एसओजी और इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को चोरी के एक आरोपी को गहनों के साथ गिरफ्तार किया। टीम ने लोधीगंज पुल के अजगंवा मोड़ के पास से कोतवाली क्षेत्र के अरबपुर वारसी मैरिज हाल निवासी एहसान को करीब तीन बजे पकड़ा है। आरोपी के पास से करीब पांच लाख रुपये कीमत के गहने बरामद किए गए हैं।
कोतवाली क्षेत्र के पीरनपुर निवासी आरिफ की शादी छह जनवरी को हुई थी। शादी के बाद परिजन अजमेर चले गए थे। आरिफ 19 जनवरी को पत्नी अलफिजा के साथ मकान में ताला बंद कर ससुराल चला गया था। 21 जनवरी को घर लौटने पर कमरे का ताला टूटा मिला। गृह स्वामी ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इस मामले में पुलिस, एसओजी और इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने आरोपी एहसान को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से सोने की एक जोड़ी झुमकी, एक बेंदी, एक अंगूठी, गले का हार, चांदी की दस अंगूठियां, दो हाथफूल, एक जोड़ी पायल और चार छल्ले बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
फोटो-12-आरोपी एहसान। स्रोत पुलिस