फतेहपुर। विवाद निपटाने पहुंची पुलिस पर मंगलवार शाम युवक ने नशे में हमला कर दिया। सिपाही युवक को पकड़ने पहुंचा तो उसने चापड़ से वार कर दिया। दो दरोगाओं की वर्दी फाड़कर बिल्ले नोच दिया। करीब दो घंटे तक पुलिस और युवक के बीच हाथापाई होती रही।
बाद में पुलिस ने किसी तरह युवक को पकड़ सकी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की कोशिश, सरकारी कर्मचारी पर हमला समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिंदकी कोतवाली के डीघ निवासी रमेश की पुत्री नीशू की शादी मलवां थाने के वाहिदापुर गांव के शिवम पासवान के साथ हुई थी। नीशू की एक 10 माह की पुत्री है। आपसी विवाद के चलते नीशू मायके में रहती है। शिवम मंगलवार दोपहर ससुराल से पुत्री को उठा लाया था। नीशू ने मलवां थाने हेल्प डेस्क में प्रार्थना पत्र देकर बच्ची को दिलाने की मांग की।
थाने से सिपाही सचिन चौधरी व लालमन को नीशू व उसके पिता रमेश व मां गुड्डी, मामा राजकुमार को लेकर शिवम के घर पहुंचे। पुलिस को देखकर शिवम भड़क उठा। सौंरा चौकी प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया कि सिपाहियों के साथ शिवम गाली-गलौज करने लगा।
घर से चापड़ लेकर सिपाहियों पर हमला करने लगा। चौकी प्रभारी व दरोगा हजारीलाल और सिपाही शैलेष मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शिवम को समझाने प्रयास किया। चापड़ रखने को तैयार न होने पर पुलिस ने घेराबंदी की। तभी चापड़ से शिवम ने सिपाही लालमन की गर्दन में हमला किया।
सिपाही ने पीछे हटकर जान बचाई और जमीन में गिर गया। पुलिस ने शिवम को पकड़कर चापड़ छुड़ाने की कोशिश की। इस पर पुलिस कर्मियों से भिड़ गया। चौकी प्रभारी और हजारीलाल की नेमप्लेट, वर्दी, बिल्ला नोचकर फाड़कर गाली-गलौज की।
प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर सरोज ने बताया कि आरोपी युवक नशे में था। आरोपी के खिलाफ हत्या की कोशिश समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
फोटो-40-मलवां थाने में खड़ा आरोपी। स्रोत: पुलिस- फोटो : 1