फोटो-21-बीईओ ऐरायां की कुर्सी में बैठी कक्षा दो की छात्रा दिव्या। संवाद
खागा/खखरेरू। मिशन शक्ति अभियान बेटियों को सिर्फ जागरूक नहीं कर रहा, बल्कि उन्हें नेतृत्व की सीख भी दे रहा है। इसी क्रम में खागा और खखरेरू ब्लॉक की दो बेटियों ने खंड शिक्षाधिकारी (बीईओ) बनकर सशक्तीकरण की मिसाल पेश की। यहां बीईओ बनीं छात्रा ने एमडीएम चेक किया। बच्चों को रोज स्कूल आने के लिए प्रेरित किया।
ऐरायां ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय शहजादपुर की कक्षा दो की छात्रा दिव्या प्रजापति सोमवार को एक दिन के लिए बीईओ बनीं। उन्हें कार्यालय में शिक्षा विभाग की योजनाओं की जानकारी दी गई और जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया।
इसके बाद दिव्या ने बहादुरपुर खागा और मानू का पुरवा विद्यालय का निरीक्षण भी किया। बीईओ रत्नामणि मिश्र ने बताया कि यह कदम बेटियों में नेतृत्व की भावना और आत्मविश्वास जगाने के लिए उठाया गया है।
खखरेरू ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय चक बबुल्लापुर में कक्षा आठ की छात्रा सावित्री देवी को विजयीपुर ब्लॉक का एक दिन का बीईओ बनाया गया। सावित्री ने विजयीपुर प्रथम और द्वितीय प्राथमिक विद्यालयों का दौरा कर एमडीएम जांचा। साथ ही बच्चों को नियमित स्कूल आने के लिए प्रेरित किया।