जहानाबाद। बजट के अभाव में कस्बे की निर्माणाधीन कान्हा गोशाला का काम बंद हो गया है। अंत्येष्टि स्थल का निर्माण अब तक शुरू नहीं हो सका है।
कस्बे के मोहल्ला तेजानगर में पाताली देवी मंदिर के पास गोशाला निर्माण के लिए शासन ने डेढ़ करोड़ रुपये स्वीकृत कर टेंडर कराया था। निर्माण कार्य जेपी कांट्रेक्टर्स को दिया गया था लेकिन धन की कमी के कारण गोशाला अधूरी पड़ी है।
वहीं रिंद नदी तट पर अंत्येष्टि स्थल के निर्माण के लिए पांच माह पहले टेंडर हो चुका है। निर्माण पट्टे की भूमि पर होना था जिसे पट्टा धारक ने नगर पंचायत को दान कर दिया। जमीन का सीमांकन न होने से काम शुरू नहीं हो पाया है।
नगर पंचायत अध्यक्ष आबिद हसन ने बताया कि गोशाला निर्माण की दूसरी किस्त 65 लाख रुपये रुकी हुई है। इसे जारी कराने के लिए शासन को पत्र भेजा गया है। अंत्येष्टि स्थल के लिए दान की गई जमीन का सीमांकन कर जल्द निर्माण शुरू कराया जाएगा।