फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के विजयीपुर स्थित एक नर्सिग होम में प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने शनिवार को अस्पताल के सामने हंगामा काटा। उन्होंने अस्पताल संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। थाने में अब तक रिपोर्ट नहीं लिखवाई गई है।
रानीपुर बहेरा गांव निवासी सर्वेश की पत्नी आंचल (26) को प्रसव पीड़ा होने पर विजयीपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया था। यहां उसने एक नवजात को जन्म दिया। उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने विजयीपुर स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया, वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पति सर्वेश ने बताया कि पत्नी की हालत खराब होने पर सीएचसी के डॉक्टरों ने रेफर करने की बात कही। इस पर वह उसे निजी अस्पताल ले गए, वहां अस्पताल के डॉक्टरों ने इलाज में लापरवाही की। इससे पत्नी की शुक्रवार रात मौत हो गई। एसओ दिवाकर सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। आरोपों की जांच की जाएगी।