प्रमाण पत्र पाने के बाद बंदी। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। जिला कारागार में बंद 100 बंदियों, जिन्होंने कक्षा एक व दो की परीक्षा पास की है, उन्हें सोमवार को एक कार्यक्रम आयोजित करके प्रमाणपत्र वितरित किए गए। इसके साथ ही उनका अगली कक्षा में प्रवेश भी पंजीकृत किया गया। जेल में बंद करीब 150 निरक्षर बंदियों को साक्षरता किट का वितरण किया गया है।
शहर के टूुथ मिशन स्कूल की ओर से जिला कारागार प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जेल अधीक्षक मोहम्मद अकरम खान ने बताया कि कार्यक्रम में कक्षा एक की परीक्षा पास करने वाले 58 बंदी व कक्षा दो की परीक्षा पास करने वाले 42 बंदियों को प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। कक्षा एक पास करने वाले बंदियों में तीन और कक्षा दो की परीक्षा पास करने वालों में दो महिलाएं भी शामिल। इसके बाद इन बंदियों का कक्षा दो व तीन में प्रवेश पंजीकृत किया गया।
इस दौरान 15 ऐसे बंदी, जिन्होंने दूसरे बंदियों को साक्षर होने में अपना योगदान दिया, उन्हें और कारागार में तैनात शिक्षक अजय प्रताप सिंह को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर टूुथ मिशन स्कूल के निदेशक फेडरिक पाउल व प्रधानाचार्या जैन्सी पाउल, डिप्टी जेलर रविशंकर तिवारी, धनंजय वाजपेई और संजय सिंह राठौर आदि मौजूद रहे।