फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के खेसहन गांव में एक पुजारी को युवकों ने पीट दिया। पुजारी का आरोप है कि कुछ युवक मंदिर के चबूतरे पर शराब पी रहे थे। उनके विरोध करने पर युवकों ने अभद्रता शुरू कर दी। इसके बाद चोटी पकड़कर उन्हें पीट दिया। पिटाई से शरीर के कई अंगों पर चोटें आई हैं।
खेसहन गांव निवासी विमलदास सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने शिकायती पत्र देते हुए बताया कि शनिवार की शाम कुछ युवक मंदिर के चबूतरे पर शराब पी रहे थे। उन्होंने शराब पीने से युवकों को रोका। आरोप है कि इस बात पर युवकों ने उनकी चोटी पकड़कर पीट दिया। शिकायत स्थानीय पुलिस से भी की लेकिन प्राथमिकी नहीं दर्ज की।
पुजारी का आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। गाजीपुर थानाध्यक्ष हनुमान प्रताप सिंह का कहना है कि पुजारी को मेडिकल के लिए बुलाया गया था लेकिन वह नहीं आए थे। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।