किशनपुर। क्षेत्र में एलटी लाइन से सट रही पेड़ की टहनियां काटने के दौरान कटर मशीन की चपेट में आने से संविदा लाइनमैन गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसका बायां हाथ कट गया।
साथियों ने उसे तत्काल सीएचसी हरदो पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
किशनपुर उपकेंद्र के अमनी फीडर की एलटी लाइन में पेड़ों की टहनियां छूने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो रही थी। समस्या के समाधान के लिए सोमवार को मुजफ्फरपुर गांव निवासी संविदा लाइनमैन दीपक निषाद (30) अपने साथियों दिनेश चंद्र, दिनेश कुमार और राजकरन के साथ खेमकरनपुर गांव के पास ससुर खदेरी नदी किनारे टहनियां काट रहे थे।
इसी दौरान कटर मशीन फिसलने से दीपक उसकी चपेट में आ गया और उसका बायां हाथ गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर साथी कर्मचारियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। अवर अभियंता मोहम्मद नफीस ने बताया कि घायल लाइनमैन का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।