फतेहपुर। ठंड से जिला अस्पताल में रोगियों की संख्या में काफी गिरावट देखने को मिली है। जिला अस्पताल में आम दिनों की अपेक्षा रोगियों की संख्या आधे से भी कम रही। बुधवार को कुल 789 रोगियों ने पंजीकरण कराया। सामान्य दिनों में 1800 के आसपास रोगियों का पंजीयन रहता है। भर्ती होने वाले रोगियों की संख्या में भी भारी गिरावट आई है।
आम दिनों में रोगियों से खचाखच रहने वाला अस्पताल में कड़ाके की ठंड से कम रोगी दिख रहे हैं। महीनेभर पहले तक प्रतिदिन 1800 के आसपास रोगियों का पंजीयन होता रहा, लेकिन बुधवार को 789 रोगियों ने पंजीयन कराया। वार्डो में भर्ती रोगियों की संख्या में कमी आने से तीनों वार्डों में कई बेड खाली हैं।
महिला अस्पताल में भी आम दिनों में करीब साढ़े तीन सौ रोगियों को पंजीयन होता रहा, लेकिन इन दिनों करीब 200 रोगियों का पंजीयन हो रहा है। इसी तरह आयुष अस्पताल में आम दिनों में पहुंचने वाले साढ़े तीन सौ रोगियों की संख्या घटकर डेढ़ सौ के आसपास रह गई है। जिला अस्पताल परिसर में पीछे की तरफ स्थित एक मात्र आंखों का अस्पताल मदनमोहन नेत्र चिकित्सालय में रोगियों की संख्या करीब पचास बची है। डॉ. विश्वेष त्रिपाठी का कहना है कि ठंड के कारण बहुत ही आवश्यकता पड़ने पर लोग अस्पताल आ रहे हैं। इसी लिए रोगियों की संख्या घटी है।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. पीके सिंह का कहना है कि ठंड के कारण जिला अस्पताल में रोगियों की संख्या घटी है। गंभीर स्थिति पैदा होने पर ही रोगी जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं।