फतेहपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा के सातवें दिन बुधवार को सचल दल ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज में परीक्षा अवधि के दौरान लाइब्रेरी खुली मिलने उसे तत्काल सील करा दिया गया। स्व. जगन्नाथ इंटर कॉलेज में परीक्षा के कमरों में विज्ञान विषय से संबंधित टीएलएम पाए गए। इन्हें टीम ने शीघ्र हटवाया। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की भी बात कही गई।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में कुल 2,947 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। पहली पाली में हाईस्कूल विज्ञान की परीक्षा में 36,809 पंजीकृत परीक्षार्थियों में 34,940 उपस्थित हुए। 1,869 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी। इसी पाली में इंटरमीडिएट संगीत गायन की परीक्षा में 39 में से 37 उपस्थित रहे और दो अनुपस्थित रहे।
दूसरी पाली में 116 परीक्षा केंद्रों पर इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान और समाजशास्त्र की परीक्षा हुई। रसायन विज्ञान में 18,968 पंजीकृत में से 18,117 परीक्षार्थी शामिल हुए और 851 अनुपस्थित रहे। समाजशास्त्र की परीक्षा में 5,612 में से 5,387 उपस्थित हुए और 225 अनुपस्थित रहे।
परीक्षाओं का संचालन सीसीटीवी निगरानी में किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार के नेतृत्व में गठित सचल दल ने कई विद्यालयों का निरीक्षण किया।
टीम ने इन केंद्रों में मारा छापा
डायट प्राचार्य आरती गुप्ता के नेतृत्व में गठित सचल दल ने बहुआ इंटर कॉलेज, जय मां सरस्वती ज्ञान मंदिर इंटर कॉलेज, सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज, जीजीआईसी, श्रीमती रामा अग्रहरी बालिका इंटर कॉलेज, सदाशिव इंटर कॉलेज रेल बाजार सहित दो अन्य विद्यालयों का निरीक्षण किया। सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज में परीक्षा अवधि के दौरान लाइब्रेरी खुली मिलने पर उसे तत्काल सील कराया गया। स्व. जगन्नाथ इंटर कॉलेज में परीक्षा के कमरों में विज्ञान विषय से संबंधित टीएलएम पाए गए। इन्हें टीम ने शीघ्र हटवाया। कमरों में काफी अंधेरा होने के कारण बिजली की व्यवस्था और जनरेटर की व्यवस्था करवाई गई।