फाइल फोटो-29-उमेर उर्फ उमा। स्रोत: परिजन
बिंदकी। प्रतापगढ़ दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप के पेड़ से टकराने के हादसे में घायल महिला की तीसरे दिन इलाज के दौरान मौत हो गई।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के कोरवां गांव के 31 लोग पिकअप में सवार होकर प्रतापगढ़ के मनगढ़ स्थित कृपालु धाम मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। कोतवाली के ही आलियाबद गांव के पास पिकअप पीपल के पेड़ से टकरा गई। हादसे में सभी 31 लोग घायल हुए थे।
गंभीर घायल उमेर देवी उर्फ उमा (45) पत्नी मुन्ना को परिजन कानपुर के एक नर्सिंग होम में ले गए थे। यहां बुधवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। महिला के पति मुन्ना और पुत्र शिवा दुबई में नौकरी करते हैं। पत्नी की मौत की जानकारी मिलने पर मुन्ना फ्लाइट से लौट रहे हैं। कोतवाल शैलेष सिंह ने बताया कि पिकअप चालक के खिलाफ लापरवाही की प्राथमिकी दर्ज की गई है।