फतेहपुर। होमगार्ड भर्ती परीक्षा जिले के सात केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित हुई। परीक्षा में सामान्य ज्ञान (जीके) के सवालों ने परीक्षार्थियों को उलझाए रखा। वहीं हिंदी के प्रश्न सरल आए। शनिवार को हुई परीक्षा में कुल 1,690 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसमें पहली पाली में 887 और दूसरी पाली में 803 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। भीषण गर्मी के कारण परिजन को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक हुई। प्रत्येक पाली में 2,640 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। पहले दिन कुल 5,280 में से 3,590 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। अभ्यर्थी सुबह आठ बजे से ही केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। दूसरी पाली के लिए दोपहर एक बजे से भीड़ जुटने लगी। सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया।
परीक्षा के दौरान जीके के प्रश्नों में अंतरराष्ट्रीय न्यायालय की स्थापना कब हुई, तुर्की की राजधानी क्या है समेत कई सवालों ने परीक्षार्थियों को उलझा दिया। हिंदी के प्रश्न काफी सरल रहे।
ये बनाए गए हैं केंद्र
एएस इंटर कॉलेज शांतिनगर, डाॅ. भीमराव आंबेडकर राजकीय महिला स्नात्कोत्तर महाविद्यालय, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज आईटीआई रोड, राजकीय इंटर कॉलेज आबू नगर, महात्मा गांधी स्नात्कोत्तर महाविद्यालय शांती नगर, मुस्लिम इंटर कॉलेज, निरंकारी बालिका इंटर शांतिनगर।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
होमगार्ड इनरोलमेंट-2025 परीक्षा का अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज ज्योति नारायण ने डीएम निधि गुप्ता वत्स और एसपी अभिमन्यु मांगलिक के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान एएस इंटर कॉलेज, श्री निरंकारी बालिका इंटर कॉलेज सहित कई केंद्रों पर व्यवस्थाओं की जांच की गई। सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी, प्रवेश प्रक्रिया और कक्षों की निगरानी का विशेष निरीक्षण किया गया। एसपी ने बताया कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
परिजन और परीक्षार्थियों को मौसम ने किया बेहाल
भीषण गर्मी के कारण परीक्षा केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों और परिजन को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर पेयजल व्यवस्था न होने से लोगों को दुकानों का सहारा लेना पड़ा। धूप से बचने के लिए लोग पेड़, मंदिर परिसर और अर्द्धनिर्मित भवनों में शरण लेते नजर आए। दूसरी पाली के अभ्यर्थियों को अधिक परेशानी उठानी पड़ी।
सामान्य ज्ञान के प्रश्न सबसे ज्यादा रहे
होमगार्ड भर्ती परीक्षा देने आए कौशाम्बी के सरसवां निवासी तेज नारायण मिश्र ने बताया कि हिंदी के प्रश्न सरल रहे। हालांकि जीके सवालों ने उलझा दिया। पेपर अच्छा हुआ है। सभी भर्ती परीक्षा में प्रयास करते रहते हैं।
कौशाम्बी निवासी देवेंद्र कुमार ने बताया कि वह बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्र में सामान्य ज्ञान, करेंट अफेयर्स के अधिकांश प्रश्न पूछे गए थे। किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं हुई। पेपर आसानी से हल हो गया।
प्रतापगढ़ से परीक्षा देने आए सचिन सरोज ने बताया कि वह बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। होमगार्ड भर्ती परीक्षा में किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं हुई। सामान्य ज्ञान के बारे में ज्यादा पूछा गया था। पेपर बड़ी आसानी से पूरा हो गया।
फोटो-15-परीक्षा देकर बाहर निकलते परीक्षार्थी। संवाद
फोटो-15-परीक्षा देकर बाहर निकलते परीक्षार्थी। संवाद
फोटो-15-परीक्षा देकर बाहर निकलते परीक्षार्थी। संवाद
फोटो-15-परीक्षा देकर बाहर निकलते परीक्षार्थी। संवाद
फोटो-15-परीक्षा देकर बाहर निकलते परीक्षार्थी। संवाद