फतेहपुर। आकांक्षी जनपद और आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में कई विभागों की लापरवाही उजागर हुई। कलक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में सोमवार को हुई बैठक में हथगांव ब्लॉक के सीडीपीओ अपने विभाग की प्रगति रिपोर्ट तक प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर डीएम रविंद्र सिंह ने स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए।
बैठक में नीति आयोग की ओर से तय 49 संकेतकों के तहत स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, जल संसाधन, वित्तीय समावेशन, कौशल विकास और आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गई। कई बिंदुओं पर अपेक्षित सुधार न होने और अद्यतन जानकारी के अभाव में डीएम ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
हथगाम ब्लॉक में पेयजल और क्रियाशील शौचालयों का शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण न होने पर भी नाराजगी व्यक्त की गई। जिला पंचायत राज अधिकारी को भारत नेट परियोजना के तहत ग्राम पंचायतों में कनेक्टिविटी की वास्तविक स्थिति का क्रॉस वेरिफिकेशन कराने के निर्देश दिए गए।