घर में रोते बिलखते परिजन इनसेट फाइल फोटो रामू।
- फोटो : amarujala
थरियांव (फतेहपुर)। थरियांव थाना क्षेत्र के कस्बा में लगे ट्रांसफार्मर से लाइन जोड़ रहे रामू सविता(20) की सोमवार रात करंट लगने से मौत हो गई। कहा जा रहा है कि शटडाउन लेकर यह घर की लाइन जोड़ रहा था। अचानक करंट आ जाने से हादसा हुआ। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। बवाल के डर से उपकेंद्र छोड़कर कर्मचारी भाग निकले। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
रामू सविता कस्बा निवासी अयोध्या का बेटा था। रामू का बड़ा भाई राकेश उपकेंद्र पर दिहाड़ी मजदूर है। ट्रांसफार्मर के पास से तार टूट जाने से रात के वक्त घर में बिजली सप्लाई ठप हो गई थी। भाई के न होने की वजह से रामू लाइन सुधारने के लिए पहुंचा। वह लाइन जोड़ रहा था, तभी करंट की चपेट में आने से झुलस गया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर आ रहे थे, लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि लाइन जोड़ने से पहले उपकेंद्र से शटडाउन लिया था। वापसी का करंट लाइन में दौड़ रहा होगा, जिसकी चपेट में आने से रामू की मौत हुई है। घटना से मां बृजरानी और पिता रो-रोकर बेहाल दिखे। रामू चार भाइयों में तीसरे नंबर का था, उसकी दो बहनें भी है। एसओ अरविंद सिंह ने बताया कि इत्तफाकिया हादसे की तहरीर पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।