फोटो-22-समिति के बाहर किसानों की भीड़। संवाद
अमौली। सहकारी समिति जजमोइया में सोमवार को खाद वितरण के दौरान किसानों की भीड़ बेकाबू हो गई। हालात संभालना मुश्किल होने पर समिति सचिव रवींद्र मिश्रा को पुलिस बुलानी पड़ी।
पुलिस की मौजूदगी में कुछ देर तक व्यवस्था बनी रही लेकिन पुलिस के जाते ही हालात फिर बिगड़ गए। इस पर सचिव ने समिति में ताला बंद कर दिया।
बताया गया कि बीते करीब 10 दिनों से समिति में खाद उपलब्ध नहीं थी। इससे किसान निराश होकर लौट रहे थे। सोमवार को खाद पहुंचने की सूचना मिलते ही सुबह से ही किसानों की भीड़ समिति पर उमड़ पड़ी।
भीड़ को नियंत्रित न कर पाने पर समिति सचिव रवींद्र मिश्रा ने पुलिस से मदद मांगी। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी ने किसानों को समझाकर आधार कार्ड के आधार पर लाइन लगवाकर खाद का वितरण शुरू कराया।
अमौली में मेला और कवि सम्मेलन की ड्यूटी लगी होने के कारण पुलिस करीब एक घंटे बाद लौट गई। पुलिस के हटते ही किसानों में फिर अफरा-तफरी मच गई और व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई। हालात काबू में न आते देख दोपहर करीब तीन बजे सचिव ने समिति में ताला बंद कर दिया और घर चले गए।
चौकी इंचार्ज दिग्विजय सिंह ने बताया कि जल्द ही पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था कर नियम के तहत खाद का वितरण कराया जाएगा ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
फोटो-22-समिति के बाहर किसानों की भीड़। संवाद