फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के सनगांव डाकघर में 150 लाभार्थियों के सुकन्या खाते में जमा धनराशि गायब है। लाभार्थियों ने इसकी शिकायत डाक अधीक्षक से की है। लाभार्थियों का आरोप है कि सनगांव डाकघर में तैनात शाखा पोस्टमास्टर नीरज यादव ने ग्रामीणों के सुकन्या खातों में जमा धनराशि में हेरफेर किया है। इसके अलावा अन्य खातों में जमा धनराशि भी गायब है। मार्च-अप्रैल 2025 में शाखा पोस्टमास्टर ने सभी लाभार्थियों की पासबुक ब्याज दर्ज कराने के नाम पर जमा कराई थी। पासबुक लेने के बाद शाखा पोस्टमास्टर गायब है। कई बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। खाता धारकों की जमा धनराशि वापस कराई जाए।
शिकायत करने वालों में प्रधान संघ के अध्यक्ष नदीम उद्दीन पप्पू, धर्मपाल, अजहर अली, बुद्धराज, सुनील शुक्ला, दुर्गेश कुमार मौर्य, रेखा देवी आदि शामिल हैं।