जहानाबाद। अमौली रोड स्थित एक कोल्ड स्टोर के कार्यालय में कर्मचारी का बुधवार सुबह फंदे से लटकता शव मिला। कर्मचारी कन्नौज जिले का रहने वाला है। पुलिस ने परिजनों के आने पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों को मौत का कारण स्पष्ट नहीं है।
कन्नौज जिला इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के शाहनगर निवासी संतोष कुमार शर्मा का पुत्र गौरव कुमार शर्मा (26) दो साल से कोल्ड स्टोर में कर्मचारी था। वह गैस प्लांट की देखरेख का काम करता था। वह मंगलवार देर रात काम के बाद प्रबंधक के कार्यालय में सोने गया था। वह सुबह बाहर नहीं निकला। कोल्ड स्टोर का एक कर्मी किसी काम से कार्यालय गया। कार्यालय का दरवाजा नहीं खुलने पर काफी देर तक खटखटाता रहा। जवाब नहीं मिलने पर प्रबंधक सूर्य प्रताप सिंह पहुंचे। पुलिस के सामने दरवाजे को तोड़ा गया। कमरे में पंखे पर अंगौछे के फंदे से गौरव लटका हुआ था। प्रबंधक ने बताया कि कर्मी कुछ दिनों से तनाव में रह रहा था। वह किसी से कोई बाचतीत नहीं करता था। फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची है। पिता ने बताया कि पुत्र अविवाहित था। उसकी मौत के पीछे का कारण मालूम नहीं है। थानाध्यक्ष सत्यपाल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच की जाएगी।