प्रेमनगर। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के बेंचू का पुरवा गांव में घर में महिला का शव फंदे से लटका मिला। मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
थाना क्षेत्र के बेंचू का पुरवा निवासी रामबाबू पटेल सूरत के एक साड़ी कारखाना में काम करते हैं। घर पर पत्नी प्रतिभा देवी, पिता गणेश, मां लीलावती रहती हैं। शुक्रवार शाम घर के अंदर प्रतिभा देवी (26) का शव फंदे पर लटकते देखकर सूचना पुलिस और मायके पक्ष को दी।
मौके पर पहुंचे महिला के पिता गोरेलाल और मां मंजू देवी ससुराल पहुंचीं। मां ने बताया कि शुक्रवार सुबह वीडियो काॅल से पुत्री और दामाद रामबाबू से बात की थी। पुत्री से पूरी बात भी नहीं हो पाई। इसी दौरान उसके सास-ससुर ने हाथ से मोबाइल छीनकर मारपीट करने लगे।
कुछ देर बाद पुत्री के फंदे पर लटकने की सूचना दी गई। सास-ससुर पर हत्या का आरोप लगाते हुए फंदे से लटकाने का आरोप लगाया गया है। पोस्टमॉर्टम के पहले हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़े रहे। पुलिस के समझाने के बाद देर शाम शव को उठाने दिया।
महिला का मायका खागा कोतवाली के उम्मेदपुर टेनी (बरगदहा का पुरवा) है। शादी 2021 हुई हुई थी। उसके दो बच्चे बेटी पुस्सी (3) और पुत्र अंश (1) हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि मायके पक्ष से अभी तक तहरीर मिली। मामले की जांच की जा रही है।