पोस्टमार्टम हाउस में घायल भतीजा व अन्य परिजन
- फोटो : Amar ujala
हुसैनगंज-छिवलहा मार्ग पर बाइक सवार फूफा-भतीजे सोमवार की रात साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में खाई में जा गिरे। हेलमेट का लॉक न लगा होने से वह सिर से छिटक कर दूर जा गिरा। इससे बाइक चालक फूफा की मौत हो गई। उन्हें सिर में गंभीर चोट लग गई थी। भतीजे को इलाज के बाद घर जाने की इजाजत दे दी गई।
मलवां थाना क्षेत्र के सौंरा साहिबपुर गांव निवासी रामऔतार पासवान का बेटा रामशरण (28) अपनी ननिहाल हुसैनगंज थाना क्षेत्र के जमरावां गांव में परिवार संग रहता था। जमरांवा में रामशरण के घर सोमवार की शाम उनकी पत्नी रीता देवी का भतीजा मनोज कुमार पहुंचा था। बीती रात रामशरण भतीजे को छोड़ने बाइक से ससुराल अहिंदा छिवलहा थाना हथगाम के लिए निकले थे। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बेला झारखंडी मोड़ के पास अचानक सामने से एक साइकिल सवार आ गया। उसे बचाने के चक्कर में रामशरण संतुलन खो बैठे। इससे वह बाइक समेत खाई में जा गिरे। दुर्घटना के दौरान बाइक चला रहे रामशरण हेलमेट लगाए थे पर उसका लाक खुला था। इस कारण उनका हेलमेट झटका लगने से सिर से छिटक कर दूर जा गिरा। चीख सुन आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों को खाईं से निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया। यहां पर डाक्टरों ने रामशरण को मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम हाउस में घायल मनोज ने बताया कि फूफा हेलमेट लगाए थे लेकिन गले में उसका लॉक नहीं लगाए थे। इस कारण उनके सिर में गंभीर चोटें आने से उनकी जान चली गई। काश वह हेलमेट का लॉक लगाए होते तो सिर में इतनी गहरी चोट नहीं लगती। हादसा सुन मृतक की पत्नी रीता देवी बदहवास हो गई। रामशरण की दो मासूम बेटियां जांहवी और मांहवी हैं।