हादसे का शिकार हुई वैन और लगी गैस किट।
- फोटो : अमर उजाला
औंग (फतेहपुर)। जीटी रोड पर औंग थाना के पास सोमवार सुबह प्राइवेट बस ने सवारी वैन को टक्कर मार दी। बस की टक्कर से वैन सामने से जा रहे साइकिल सवार दूधिया को टक्कर मारते हुए खंती में डाल से टकराकर रुकी। वैन में गैस किट लगी थी, जिसकी पाइप से गैस का रिसाव होने लगा। पुलिस को इस वजह से ट्रैफिक रोकना पड़ा। रिसाव खत्म होने पर करीब आधा घंटा बाद यातायात बहाल हुआ। घायलों को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक इलाज के बाद ट्रामा सेंटर भेजा गया वहां से एक को छुट्टी दे दी गई।
हादसा सुबह साढ़े आठ बजे का है। कानपुर से एक वैन खागा कस्बा जा रही थी। इसी वैन के पीछे कानपुर से ही सवारियां भरकर प्राइवेट बस चौडगरा जा रही थी। तेजरफ्तार बस ने इस वैन में पीछे से टक्कर मार दी। बस की टक्कर लगने से वैन चालक संतुलन खो बैठा। वैन औंग थाना क्षेत्र के बड़ाहार गांव निवासी दूधिया रामबाबू को साइकिल समेत चपेट में लेते हुए खंती में जाकर रुकी। वह भी गंभीर रूप से घायल हुए। वैन सवार चीखने-चिल्लाने लगे। थाने के पास ही हादसा होने से पुलिस तुरंत पहुंच गई। वैन में फंसे यात्रियों को बहर निकाला। तब तक पता चला कि वैन की गैस किट से गैस रिसाव हो रहा है। अफरातफरी का माहौल हो गया।
वैन में सवार कौशांबी जिले के मंझनपुर कोतवाली के गांव कादीपुर निवासी राम बहादुर की पत्नी कुसुम और कुसुम का मौसेरा भाई विनोद, कानपुर के संदीप नगर निवासी अहमद अली व उनकी बेटी शबनम, कानपुर के बड़ागांव की निवासी गीता व बकेवर थाना क्षेत्र के मुरारपुर गांव निवासी तिलक सिंह घायल हो गए। इन्हें स्थानीय प्राइवेट क्लीनिक में इलाज दिया गया। तिलक चोट कम लगी होने से साथियों की मदद से घर चले गए जबकि शेष छह घायलों को 108 नंबर से ट्रामा सेंटर लाया गया। उधर, एसओ धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि गैस रिसाव के चलते एहतियातन ट्रैफिक रोकना पड़ा। बस को कब्जे में ले लिया गया है।