फतेहपुर। शहर में सपा नेता के करीबी की थार कोतवाली से छोड़े जाने के बाद रील बनाने के चक्कर में दोबारा सीज कर दी गई। कोतवाली पुलिस ने कुछ दिन पहले रील बनाने के चक्कर में थार को सीज किया था।
कोतवाली क्षेत्र के इमामगंज निवासी नमेंद्र कुमार की थार को शहर में जुलूस के दौरान हूटर और सायरन बजाने पर एमवी एक्ट के तहत 25 अप्रैल को सीज किया गया था। न्यायालय के आदेश पर वाहन स्वामी को हिदायत देकर शनिवार को वाहन छोड़ा गया था।
रविवार को बकेवर थाना क्षेत्र के सराय निवासी वाहन चालक और स्वामी नमेंद्र कुमार ने थार कोतवाली से बाहर निकालते समय रील बनवाई। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। इसमें कोतवाली में काम कर रहे पुलिसकर्मी भी दिख रहे हैं। वीडियो के आधार पुलिस ने दोबारा वाहन पकड़कर सीज कर दिया। वाहन चालक सपा नेता आजम खान का करीबी बताया जा रहा है।
कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और नियमों के उल्लंघन पर रविवार को प्राथमिकी दर्ज कर वाहन को दोबारा सीज किया गया है।