बकेवर। देवमई कस्बे में जय मां काली क्रिकेट के बैनर तले क्रिकेट टूर्नामेंट खेला जा रहा है। टूर्नामेंट में शनिवार को सेमीफाइनल मुकाबला मेजबान टीम डीपीएल देवमई और सुजावलपुर टीम के बीच खेला गया। सुजावल टीम ने विपक्षी टीम को 16 रनों से जीत दर्ज कर फाइनल में पहुंच गई। रविवार को सुजावलपुर और डायरी टीम के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
टूर्नामेंट में शनिवार को हुए सेमीफाइनल मैच में सुजावलपुर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया।सुजावलपुर टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में 96 रन बनाए। टीम के ओपनर बल्लेबाज लारेब ने 16 गेंदों में सात चौकों की मदद से 36 रन जड़े। साथी बल्लेबाज शुभम ने नौ गेंदों में 16 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान डीपीएल देवमई के ओपनर बल्लेबाजों के आउट होते ही पूरी टीम लड़खड़ा गई। बल्लेबाज पवन ने 12 गेंदों में 25 रन बनाकर संघर्ष किया किंतु अन्य बल्लेबाजों के जल्दी आउट होने से मेजबान टीम महज 81 रन ही बना सकी। सुजावलपुर टीम ने यह मैच 16 रनों से जीत लिया। सुजावलपुर टीम के बल्लेबाज लारेब को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर राकेश दीक्षित, मखलू, तेजस पांडे समेत बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। टूर्नामेंट के संयोजक मोनू त्रिपाठी ने बताया कि रविवार को सुजावलपुर और डायरी टीम के बीच फाइनल मैच खेला जाएगा।