ललौली में गिरा पड़ा कच्चा घर। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
बहुआ (फतेहपुर)। ललौली कस्बे में मंगलवार सुबह कच्चा मकान ढहने से सास की मौत हो गई और दामाद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ललौली के मोहल्ला नूरगंज निवासी कुरैशा बीबी (55) पत्नी स्व. बुल्लू शाह पुराने कच्चे घर में रहती थी। बेटा अब्दुल खालिक सामने दूसरे घर में रहता है। कुरैशा का दामाद लियाकत अली (32) निवासी बदौसा, जिला बांदा पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल आया था।
सोमवार रात खाना खाने के बाद सास और दामाद घर में सो रहे थे। सुबह करीब चार बजे कच्ची दीवार और छत ढह गई। घर ढहने की आवाज सुनकर अब्दुल खालिक और परिजनों की नींद खुल गई, उन्होंने शोर मचाया। ग्रामीणों ने फावड़े, कुदाल से मलबा हटाकर दोनों को निकालकर एंबुलेंस से बहुआ पीएचसी में बताया गया।
डॉक्टर ने लियाकत को पैर में फैक्चर और कुरैशा के सीने में अंदरुनी चोट बताकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में कुरैशा की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि लियाकत की पत्नी गुलनाज, बेटे नुसरत अली, बेटियों जैनब, हुमैरा और नैरा के साथ भाई अब्दुल खालिक के घर में सोयी थी। प्रभारी निरीक्षक अमित मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।