चौडगरा (फतेहपुर)। पिता की डांट से क्षुब्ध छात्रा ने फांसी लगा ली। खाना बनाने को लेकर पिता ने बुधवार शाम बेटी को फटकार लगाई थी। परिजन फंदे से उतारकर पीएचसी गोपालगंज ले गए। डाक्टर ने हालत नाजुक देखकर जिला अस्पताल के रेफर कर दिया। यहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
कल्यानपुर थानाक्षेत्र के जलाला गांव निवासी राजकिशोर की बेटी कोमल (18) ने साड़ी से छत के कुंडे में फांसी लगा ली। बाबा मन्नीलाल कमरे में पहुंचे तो देखा कि कोमल फंदे पर लटकी है। उसे तड़पता देखकर बाबा ने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया। पड़ोसियों की मदद से कोमल को नीचे उतारा गया।
सांसें चलती देख परिजन कोमल को पीएचसी गोपालगंज ले गए। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसकी मौत टोल प्लाजा बड़ौरी के पास हो गई। पुलिस ने शव मोर्च्युरी में रखवा दिया। पिता ने बताया कि घटना के समय वे खेत में धान लगाने गए थे। कोमल ने इसी वर्ष इंटर की परीक्षा पास की थी। उसकी मां अनीता का हाल बेहाल हो गया।