फतेहपुर। परिषदीय विद्यालयों और मध्याह्न भोजन (एमडीएम) से लाभान्वित स्कूलों में अब तिथि भोजन कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य छात्रों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में समुदाय की भागीदारी बढ़ाना है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, समाजसेवियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों को जागरूक कर योजना से जोड़ा जाएगा।
योजना के तहत कोई व्यक्ति किसी विशेष अवसर पर बच्चों को भोजन कराना चाहता है तो भोजन विद्यालय परिसर में ही तैयार कराया जाएगा। बच्चों को भोजन के लिए विद्यालय से बाहर नहीं भेजा जाएगा। समुदाय की ओर से विद्यालयों को प्लेट, डिनर सेट, कैसरोल, अन्य बर्तन और पेयजल के लिए वाटर प्यूरीफायर जैसे उपकरण भी उपलब्ध कराए जा सकते हैं।
विद्यालय में डाइनिंग शेड बनवाने का कार्य विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के माध्यम से कराया जा सकेगा। एक ही दिन कई लोगों की ओर से भोजन कराने की इच्छा जताने पर एसएमसी अलग-अलग तिथियां तय करेगी।
जिला समन्वयक एमडीएम आशीष दीक्षित ने बताया कि कोई व्यक्ति नकद सहयोग देना चाहता है तो राशि मध्याह्न भोजन निधि अथवा एसएमसी के खाते में ही जमा कराई जाएगी। बच्चों को आवश्यकता से अधिक भोजन नहीं दिया जाएगा और न ही भोजन घर ले जाने की अनुमति होगी।
उन्होंने बताया कि तिथि भोजन में दूध से बने पदार्थ जैसे पनीर और खीर शामिल नहीं किए जाएंगे। साथ ही जंक फूड का वितरण भी प्रतिबंधित रहेगा। समुदाय अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय दिवसों पर भी तिथि भोजन कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों के साथ विशेष अवसर मना सकेगा।