हसवा। विकास खंड हसवा की ग्राम सभा अतरहा में चोरों ने पानी की टंकी का केबल चोरी कर लिया। केबल चोरी होने से टंकी का संचालन बंद हो गया और गांव की पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई। इससे ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पानी की टंकी से नियमित रूप से गांव में पेयजल आपूर्ति की जाती है। केबल चोरी होने के कारण मोटर नहीं चल सकी। इससे जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और विभागीय अधिकारियों को घटना की सूचना दी।
ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने राधानगर थाने में मामले की जांच कर चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही नया केबल लगवाकर शीघ्र पेयजल आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है, जिससे लोगों को राहत मिल सके।
ग्रामीण अजीत, विपिन का कहना है कि यदि जल्द व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो लोगों को पेयजल के लिए वैकल्पिक साधनों पर निर्भर होना पड़ेगा। राधानगर थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जानकारी नहीं है।