फतेहपुर। मेधावियों की कोचिंग के लिए स्काउट भवन को भी सेंटर बनाया गया है। यहां सप्ताह में पांच दिन तीन घंटे कोचिंग चलेगी, जबकि शनिवार और रविवार को पूरे दिन कोचिंग का संचालन किया जाएगा।
सप्ताह के अंतिम दिन टेस्ट होंगे। ग्रामीण क्षेत्रों के मेधावी टैबलेट के माध्यम से ऑनलाइन कोचिंग में हिस्सा लेंगे, लेकिन सप्ताह के अंतिम दो दिन उन्हें भी स्काउट भवन पढ़ने आना होगा। कोचिंग संचालन की व्यवस्था नीति आयोग की ओर से की जा रही है।
प्रदेश के अति पिछड़े सात जिलों में शामिल फतेहपुर में राजकीय और एडेड स्कूलों के 50 मेधावी छात्रों को मुफ्त डॉक्टर और इंजीनियर की कोचिंग दिलाने का निर्णय लिया गया है। प्रत्येक स्कूल से कक्षा 11 और 12 के दो टॉपरों की सूची मंगाई गई थी।
इनमें छंटनी कर 30 मेधावियों का चयन कोचिंग के लिए किया गया था। प्रत्येक छात्र को नीति आयोग 50 हजार कीमत का विशेष टैबलेट देगा, जिसमे प्रतिदिन कोचिंग पढ़ने का पाठ्यक्रम आएगा। जिला मुख्यालय में रहने वाले मेधावी नियमित स्काउट भवन में कोचिंग करेंगे, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र के मेधावी अपने घरों से कोचिंग में हिस्सा ले सकेंगे।
डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कोचिंग चालू होने की तिथि फिलहाल छह जून प्रस्तावित है, लेकिन यदि पाठ्य सामग्री आने में विलंब होता है, तो तिथि में एक-दो दिन का परिवर्तन हो सकता है। प्रत्येक छात्र को एक टैबलेट व किताबें प्रदान की जाएंगी, जिनका भुगतान भी नीति आयोग करेगा।
..........................................