फतेहपुर। कल्यानपुर थाना क्षेत्र हाईवे पर कंटेनर का पल्ला उखाड़कर चोरों ने एक इलेक्ट्रानिक कंपनी के लाखों के उपकरण पार कर दिए। चालक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
झारखंड प्रांत हजारीबाग जिला चौपारण निवासी मोहम्मद इसराइल कंटेनर चालक है। चालक ने बताया कि आठ जुलाई को नीमराना से पटना के लिए इलेक्ट्रानिक्स का सामान लोड कर जा रहा था। कल्यानपुर थाना क्षेत्र हाईवे पर चौडगरा के पास रुका था। कंटेनर की सील तोड़ने के बाद पल्ला उखाड़कर चोर 21 कार्टून चोरी कर ले गए। वह कंटेनर लेकर आगे चला। दूसरे ट्रक के चालकों ने पल्ला न होने की जानकारी दी। खोजबीन में चौडगरा के पास पल्ला मिला। प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर सरोज ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
जान से मारने की धमकी का चार पर मुकदमा
फतेहपुर। ललौली थाने के कोंडार निवासी विष्णु सिंह ने एसपी से शिकायत में बताया कि गांव के शेरू सिंह, पुत्तन सिंह, बलबीर सिंह, विष्णुपाल सिंह प्रभावशाली हैं। उसे एक हफ्ते से गाली गलौज व जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस बुलाने पर भी कोई कार्रवाई नहीं होती है। एसपी के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। संवाद