फतेहपुर। शांतिनगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में नियमित क्रिकेट मैच का अभ्यास करने वाले 14 साल से कम आयु के बच्चों के बीच बुधवार को मुकाबला हुआ। इसमें ए टीम ने बी टीम को सात रनों से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
स्टेडियम ए टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। टीम के ओपनर बल्लेबाज अभिषेक व सारांश ने टीम को सधी हुई शु्रुआत देते हुए सात ओवर में टीम का स्कोर 80 रन पर खड़ा कर दिया। इसमें अभिषेक ने 41 रन व सारांश ने 39 रनों की पारी खेली। आठवें ओवर में बी टीम के बॉलर असलान ने दोनों खिलाड़ियों को आउटकर पवेलियन भेजा। पूरी टीम निर्धारित 15 ओवर में 120 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बी टीम की शुरूआत तेज रही। टीम के ओपनर बल्लेबाज विराज व प्रभात ने छह ओवर में 70 रनों की साझेदारी की, लेकिन सातवें ओवर में बॉलर विहान ने पहली गेंद में विराज का विकेट चटका दिया। इसी ओवर की तीसरी गेंद में प्रभात को चलता किया। इसके बाद बी टीम के विकेटों में पतझड़ लग गया। पूरी टीम 12 ओवर में ही ऑलआउट होकर महज 114 रन ही बना सकीं। ए टीम ने सात रनों से मैच जीत लिया। क्रीड़ाधिकारी सुनील भारती ने सभी विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि युवाओं में खेल को बढ़ावा देने के लिए समय-समय क्रिकेट का मुकाबला बच्चों के बीच करवाया जाता है।