बहुआ(फतेहपुर)। ललौली थाना क्षेत्र के बांदा टांडा हाईवे पर बहुआ सिधांव के बीच कंजरन डेरा के पास गुरुवार की शाम स्पीड ब्रेकर से उछलकर सड़क पर गिरी नवविवाहिता की मौत हो गई। महिला पति के साथ मायके से ससुराल आ रही थी।
गाजीपुर थाने के केवई गांव निवासी जयकरन यादव उर्फ जीतेंद्र यादव की शादी 29 मई 2019 को जसईपुर गांव निवासी रंजीता (21) के साथ हुई थी। दंपति बाइक से 19 मई को जसईपुर गांव गए थे। 24 सितंबर की शाम दोनों बाइक से केवई गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे कंजरन डेरा के पास पहुंचे, तभी स्पीड ब्रेकर से बाइक उछली और बाइक के पीछे बैठी रंजीता सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। पति पुलिस की मदद से रंजीता को पीएचसी बहुआ लाए, जहां पर हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में डाक्टरों ने रंजीता को मृत घोषित कर दिया। जयकरन हेलमेट लगाकर बाइक चला रहा था, इसलिए उसकी जान बच गई। पत्नी की मौत से पति बदहवास हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।