बूथ प्रमुखों के सम्मेलन में बोलते एटा सांसद राजवीर सिंह
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह के बेटे एटा सांसद राजवीर सिंह ने गुरुवार को कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस डूबती नैया हैं। इसी वजह से वहां भगदड़ मची है। यह सभी एक-एक कर भाजपा में आने को बेताब हैं और बहुत कुछ पार्टी का दामन थाम भी चुके हैं।
गुरुवार को तीन दिनी प्रवास में आए एटा सांसद ने भाजपा सदर विधानसभा क्षेत्र के बूथ प्रमुखों के सम्मेलन में कहा कि अपना बूथ जीत लिया, तो प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनना तय है। उन्होंने सभी बूथ प्रमुखों से केंद्र सरकार की योजनाएं घर-घर पहुंचाने को कहा। सदर विधायक विक्रम सिंह के आवास परिसर में यह सम्मेलन हुआ। पार्टी जिलाध्यक्ष दिनेश बाजपेयी ने बूथ और सेक्टर प्रमुखों से चुनावी तैयारियों के लिए कमर कसने का आह्वान किया। सदर विधायक ने कहा की भाजपा के मालिक आप सभी हैं। आप जीतेंगे, तो भाजपा जीतेगी।
विधायक ने सांसद को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर क्षेत्रीय मंत्री अन्नू श्रीवास्तव, लोकसभा पालक प्रमोद द्विवेदी, डा. शिवप्रसाद त्रिपाठी, राकेश तिवारी, पंकज त्रिवेदी, धनंजय द्विवेदी, अभिषेक शुक्ला, बच्चा तिवारी, आनंद तिवारी, हंसवा मंडल अध्यक्ष राकेश मौर्य, कमल लोधी, लालसिंह टीटू, मनोज तिवारी, कुलदीप तिवारी, सूर्य कुमार गौतम, सुनील पासवान, कमलेश लोधी के अलावा बूथ एवं सेक्टर प्रमुख मौजूद थे।