बिंदकी में जांच करते खाद्य अधिकारियों की टीम
- फोटो : अमर उजाला
नगर सहित जोनिहां, शहबाजपुर में गुरुवार को मुख्य खाद्य निरीक्षक के नेतृत्व में की गई छापेमारी से दुकानदारों के बीच हड़कंप मच गया। अधिकांश दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दीं। शहबाजपुर मार्केट तो अभूतपूर्व बंदी में तब्दील दिखा। बिंदकी में टीम ने दो दुकानदारों को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा है।
जिले के मुख्य खाद्य निरीक्षक ब्रजेंद्र शर्मा, इंस्पेक्टर सुभाष त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम ने एनआईसी रोड में किराना व्यवसाई कन्हैय्या लाल गुप्ता के यहां गंदगी, राजू गुप्ता की दुकान का लाइसेंस न होने पर नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा। इस छापेमारी की खबर लगते ही नगर के अधिकांश मिलावट खोरों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद कर दीं। इसके बाद जोनिहां कस्बे में बीरेंद्र, अनिल, ओम प्रकाश की दुकानों में प्रतिबंधित तंबाकूयुक्त गुटखा व अन्य मिलावटी सामान नहीं मिला। जब टीम शहबाजपुर की बाजार मे पहुंची तो यहां अभूतपूर्व बंदी सा नजारा देख टीम फतेहपुर के लिए रवाना हो गई। छापामार टीम में विभाग के कर्मचारी शामिल रहे।
खागा। नगर के नवीन मंडी स्थल पर बाट माप निरीक्षक ने गुरुवार को छापा मारकर गल्ला आढ़तियों के यहां छापा मारकर कांटा और बांट का निरीक्षण किया। नियम विरुद्ध पाए जाने पर तीन आढ़तियों का चालान किया गया। निरीक्षक सुनील कुमार ने अन्य कर्मचारियों के साथ मंडी में छापा मारा। करीब करीब सभी आढ़तियों की दुकानों के कांटा-बाट का निरीक्षण किया। तीन आढ़तियों की दुकानाें में काटा और बाट में कमी पाई गई। इनके खिलाफ काटा बांट अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।