फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के नउवाबाग हाईवे पर शनिवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी। हादसे में युवक हाईवे की ओर गिरा। बेकाबू डंपर चालक ने युवक का सिर कुचल दिया। उसकी मौके पर मौत हो गई। मां मामूली रूप से जख्मी हो गई।
बकेवर थाना क्षेत्र का रुसी गांव निवासी सुंदरम उर्फ सूरज रावत (20) अपनी मां ममता को बाइक से लेकर जिला कारागार में बंद बड़े भाई शिवम से मुलाकात कराने जा रहा था। नउवाबाग के पास प्रयागराज की ओर जा रहे डंपर ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सूरज उछलकर हाईवे की ओर गिरा। उसका सिर डंपर के पिछले टायर के नीचे आने से कुचल गया। चालक डंपर लेकर भाग निकला। दूसरी ओर गिरी ममता बेटे को क्षत विक्षत हालत में देखकर बदहवास हो गई। हादसा देखकर आसपास के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। उसकी दो बहन पूजा और ज्योति हैं। बड़ा भाई शिवम करीब चार माह से जेल में गांव के ही मां व बेटे की हत्या में निरुद्ध है। मां ने आरोप लगाया कि हादसा रंजिश के चलते किया गया है। कोतवाल तारकेश्वर राय ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया है। जांच की जा रही है।