कचेहरी चौकी के पास स्थित मीडिया सेंटर में बैठे भुक्तभोगी युवक
- फोटो : अमर उजाला
जिले के युवाओं को सेना में भर्ती कराने के नाम पर ठगी करने के छह मामले और सामने आए हैं। यह भी कानपुर के प्रशांत की जालसाजी का शिकार हुए। धोखाधड़ी का शिकार हुए युवाओं को सामने लाने वाली भूतपूर्व सैनिक उत्थान एवं कल्याण समिति ने एसपी बलिकरन यादव से मिलकर जांच व कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने मामले की तहकीकात एएसपी से कराने की बात कही है।
बुधवार को फिर से सेना मेें भर्ती होेने के नाम पर लाखों रुपये ठगने का नया मामला प्रकाश में आया। इस बार भी खुलासा भूतपूर्व सैनिक उत्थान एवं कल्याण समिति ने किया। चांदपुर थाना क्षेत्र के अमौली गांव के राजेश कुमार, आैंग थाना क्षेत्र के खरौली-मिराई गांव के राज कुमार यादव, खरौली-मिराई के ही रहने वाले राहुल सिंह यादव व मलखान सिंह, कानपुर देहात जिले के अकबरपुर थाने के भगवंतपुर गांव के अंकित कुमार और कानपुर देहात के शिवली थाने के गुलजारी गांव के मुलायम सिंह ने बताया कि वह सभी कानपुर के व्यक्ति के संपर्क में आए। उसी के माध्यम से अन्य कई लोगों ने सेना में भर्ती के लिए रुपये जमा किए गए।
समिति के अध्यक्ष विद्या भूषण तिवारी ने बताया कि ठगों का गिरोह युवाओं को ठग रहा है। इस गिरोह की पैठ जिले में काफी गहरी हो सकती है। गंभीरता से जांच कर गिरोह का भंडाफोड़ किया जाए।