असोथर। दो भाइयों के घर का ताला तोड़कर चोर नकदी और जेवर समेत छह लाख रुपये का माल चोरी कर ले गए। दोनों भाई रोजगार के सिलसिले से बाहर रहते हैं। पुलिस ने शिकायत पर मौके की जांच की है।
थाना क्षेत्र के बेसड़ी गांव निवासी हरिश्चंद्र राजपूत और शिवचंद्र राजपूत सगे भाई हैं। हरिश्चंद्र पंजाब और शिवचंद्र मुंबई में नौकरी करते हैं। हरिश्चंद्र ने पुलिस को बताया कि ग्राम पंचायत सदस्य ने 27 जनवरी को घर का ताला टूटा होने पर सूचना दी। दोनों भाई शुक्रवार को घर पहुंचे।
यहां सारे कमरों के ताले टूटे थे और गृहस्थी बिखरी पड़ी थी। उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी। चोर तीन सोने के लॉकेट, एक मंगलसूत्र, मोहर, बेसर, झुमकी, चांदी की दो हाफ पेटी, फुल पेटी, दो जोड़ी पायल, दो जोड़ी तोड़िया और 32 हजार नकदी चोरी कर ले गए। थानाध्यक्ष धीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
दो मवेशी चोरों को पकड़ा, दो कार से भागे
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के फरीदपुर गांव में शुक्रवार रात मवेशी चोरी करने पहुंचे दो चोरों को पुलिस ने पकड़ा है। दो साथी कार लेकर भाग निकले। पुलिस ने जहानाबाद थाना क्षेत्र के कछेवरा निवासी पिंटू (21), पोजेपुर निवासी अंकुश कुमार (20) को गिरफ्तार किया। चोरी के तीन मवेशी और दो बांका बरामद किए हैं। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि आरोपी बाइक और कार से चोरी करने आए थे। कार सवार दो साथी भाग निकले हैं। इनकी तलाश जारी है। पकड़े गए आरोपी बाइक से थे। बाइक एमवी एक्ट में सीज की गई है।
फोटो-33-चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान। संवाद