हथगाम। सुरजीपुर गांव में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें एक पक्ष से पांच लोग व दूसरे पक्ष से एक महिला घायल हुई। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया तो दोनों पक्ष थाने पहुंचे। जहां से सभी को अस्पताल भेजा गया।
सुरजीपुर गांव निवासी दूखी (63) ने गांव में ही एक अमरूद के पेड़ के नीचे कांटे लगाए हुए थे। सोमवार शाम करीब आठ बजे गांव की कोमल देवी (40) पत्नी राजेश पासवान ने कांटों को हटाया तो दूखी ने इसका विरोध किया। कुछ ही देर में दूखी की ओर से उसकी पत्नी रामपति (60), अंबिका निषाद (46), उसकी पत्नी जानकी (40) व माया देवी (48) पत्नी चंद्रिका आ गए। इसी तरह कोमल की ओर से भी कई लोग आ गए और मारपीट
शुरू हो गई। डंडे से लोगों ने एक दूसरे की पिटाई की। इसमें दूखी, अंबिका, जानकी, रामपति, माया देवी घायल हो गईं। जबकि दूसरी ओर कोमल को चोटें आई हैं। दोनों पक्ष थाने शिकायत करने पहुंचे तो उन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया। इंस्पेक्टर आदित्य सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई, घटना की जांच कराई जा रही है।