असोथर। पहले 33 केवीए लाइन में फाल्ट, फिर उपकेंद्र का ट्रांसफार्मर जलने से आपूर्ति ठप हो गई। उपकेंद्र के सभी छह फीडर 45 घंटे से बंद हैं। इससे 300 गांव की करीब सवा लाख की आबादी प्रभावित है।
राधानगर ट्रांसमिशन से उपकेंद्र को आने वाली 33 केवीए लाइन में शनिवार रात करीब ढाई बजे बारिश के कारण फाल्ट हो गया था। रविवार को पूरे दिन बारिश होने के कारण फाल्ट सही नहीं किया जा सका। सोमवार को 33 केवीए लाइन के फाल्ट को सही कराया जा सका। लेकिन जब फीडरों की आपूर्ति चालू करने का नंबर आया तो उपकेंद्र के 10 एमवीए ट्रांसफार्मर में फाल्ट हो गया। गाजीपुर, असोथर, जरौली, नरैनी, थरियांव, घरवासीपुर फीडर से बिजली आपूर्ति अभी बी बंद है। इन फीडरों से करीब 300 गांवों को बिजली दी जाती है।
मेकैनिकल टीम भेज कर ट्रांसफार्मर की जांच कराई गई है। 10 एमवीए का एक ट्रांसफार्मर जल गया है। उपकेंद्र में एक और 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। जब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं आता है, दूसरे ट्रांसफार्मर से आधे-आधे फीडरों में सिफ्ट के हिसाब से आपूर्ति दी जाएगी। - मेघ सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड तृतीय