फतेहपुर। सरस्वती बाल विद्या मंदिर शिवपुरम में एक छात्र की कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई के बाद मौत के मामले में परिजन ने स्कूल प्रबंधन पर आरोप लगाया है कि नकल में पकड़े जाने के बाद छात्र तेजस को इतना पीटा गया कि उसकी जान चली गई। परिजन ने स्कूल ड्रेस दिखाकर बताया कि स्कूल प्रबंधन के जिम्मेदारों ने उसे घसीटकर पीटा है। इसी वजह से ड्रेस कीचड़ से खराब हो गई है। त्योहार पर हुई इस घटना ने परिवार और अभिभावकों को झकझोर दिया है।
सेवानिवृत्त एडीओ पंचायत सुरेंद्र द्विवेदी के पौत्र तेजस की मौत से परिवार में मातम छा गया है। तेजस अपने पिता दिलीप और चाचा संजय के परिवारों का इकलौता चिराग था। मौत की खबर सुनकर मां नीलम और बहन ऐंजल बदहवास हो गईं। नीलम ने बताया कि स्कूल प्रबंधन ने बेटे को नकल में पकड़ा था लेकिन इसकी सूचना घरवालों को नहीं दी। स्कूल से घर भेजने और बाद में अल्लीपुर मेडिकल कॉलेज ले जाने के बारे में भी उन्हें नहीं बताया गया। मां का कहना है कि स्कूल प्रशासन ने अपनी जिम्मेदारी नहीं समझी, जिसके कारण उनके बेटे की जान चली गई।
मां नीलम ने आरोप लगाया कि कानपुर जाते समय स्कूल वालों ने उन्हें बेटे को छूने तक नहीं दिया। कानपुर में पोस्टमार्टम की बात कहकर उन्हें फतेहपुर लौटने को कहा गया।