भांग के ठेके के बाहर बिलखते परिजन व लगी भीड़। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
धाता। घर से नशा करने के लिए दोस्त के साथ निकले युवक का शव बुधवार सुबह सरकारी भांग के ठेके में मिला। परिजनों ने हत्या का शक जताया है। वहीं सेल्समैन का कहना है कि उसने रात में युवक को बहुत अधिक नशे में देख ठंड से बचाने के लिए अपनी दुकान में बंद कर दिया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
खखरेरू थाना क्षेत्र के दरियामऊ निवासी राजू त्रिवेदी मंगलवार शाम अपने दोस्त रक्षपालपुर निवासी बबलू पंडित के साथ धाता के लिए निकला था। बुधवार सुबह राजू त्रिवेदी के परिजन उसे खोजते हुए धाता के सरकारी भांग के ठेके पर पहुंचे। सेल्समैन विकास तिवारी को बुलाया गया। सेल्समैन ने जब शटर उठाया तो अंदर तख्त पर राजू का शव मिला। यह देख परिजन बिलखने लगे। परिजनों ने बताया कि राजू मंगलवार शाम अपने साथी बबलू पंडित के साथ निकला था। जब रात में राजू नहीं लौटा तो वह लोग बबलू के घर पहुंचे। बबलू उन्हें घर में मिला। बबलू ने परिजनों से बताया कि दोनों ने नशा किया था। राजू ने अधिक शराब पी ली थी, जिससे वह चल नहीं पा रहा था। उसे भांग के ठेके के बाहर छोड़कर वह अपने घर आ गया था।
बबलू के बताई हुई जगह पर परिजन बुधवार को पहुंचे तो ठेके के अंदर राजू का शव मिला। शव देखते ही हड़कंप मच गया। परिजनों ने हत्या का शक जताया। सूचना पर धाता पुलिस मौके पर पहुंची और सेल्समैन विकास तिवारी से पूछताछ की। विकास तिवारी ने पुलिस को बताया कि राजू त्रिवेदी बहुत नशे में था और चल नहीं पा रहा था। रात में जब भांग की दुकान बंद करने का समय हुआ तो उसने देखा कि राजू पूरी रात बाहर पड़ा रहेगा, उसकी जान भी जा सकती है। इसलिए उसने बेहोशी हालत में उसे खींचकर अंदर कर दिया और दुकान बंद कर चला गया। इंस्पेक्टर धाता संजय तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।