फोटो-23-रेलवे स्टेशन फतेहपुर। संवाद
फतेहपुर। महाशिवरात्रि पर रेलवे प्रशासन ने संगम नगरी पहुंचने के लिए सात स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। पहले चार ट्रेनों के संचालन की योजना बनाई गई थी लेकिन श्रद्धालुओं की भीड़ की संभावना के चलते रेलवे ने सात ट्रेनों का संचालन सुनिश्चित किया।
श्रद्धालुओं के आवागमन में कोई परेशानी न हो इसके लिए ये ट्रेनें 14 से 17 फरवरी तक चलेंगी। शुक्रवार शाम चार बजे फतेहपुर रेलवे स्टेशन से एक संगम नगरी स्पेशल ट्रेन भी रवाना की गई।
माघ मेले में फतेहपुर जनपद से करीब 50 हजार श्रद्धालुओं ने रोडवेज बस और स्पेशल ट्रेनों से यात्रा की थी। महाशिवरात्रि पर अंतिम संगम स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आने की उम्मीद है।
रेलवे स्टेशन अधीक्षक जयनाथ यादव और मुख्य वाणिज्य निरीक्षक महेंद्र गुप्ता ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि छह एटीवीएम मशीनों पर 12 कर्मचारियों को लगाया गया है। इन एटीवीएम मशीनों से टिकट वितरण 24 घंटे जारी रहेगा।
रोडवेज भी करेगा 50 बसों का संचालन
परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एसपी सिंह ने बताया कि महाशिवरात्रि पर अंतिम स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के मुताबिक रोडवेज बसों का संचालन किया जाएगा। विभाग के पास 80 बसें हैं लेकिन इनमें 50 बसों का संचालन संगम नगरी के लिए होगा। श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने और जरूरत के मुताबिक रोडवेज बसों का संचालन 14 से 17 फरवरी तक किया जाएगा।
फोटो-23-रेलवे स्टेशन फतेहपुर। संवाद