फोटो-26-बिंदकी में चोरी के बाद खुला पड़ा बक्सा। संवाद
बिंदकी। कोतवाली क्षेत्र के कुंवरपुर मार्ग स्थित कोरइया मोड़ पर चोरों ने एक ही रात में सात दुकानों, गुमटियों और एक घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना से ग्रामीण दहशत में है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
क्षेत्र के कुंवरपुर मार्ग स्थित कोरइया मोड़ पर राजेश यादव के किराना स्टोर का शटर तोड़कर चोर करीब 10 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान ले गए। कुल मिलाकर लगभग 20 हजार रुपये की चोरी बताई जा रही है।
सुरेश सोनकर की मीट की दुकान से तराजू व अन्य औजार, अरुण सोनकर की पान मसाला गुमटी से 300 रुपये नकद व करीब 1500 रुपये का सामान, नसीम की मुर्गा दुकान से गुल्लक में रखे 200 रुपये चोरी कर ले गए हैं।
इसके अलावा सुधा देवी, शिव और सुरेश पासवान की नाश्ता व गुटखा की गुमटियों से भी नकदी व सामान मिलाकर करीब 50 हजार रुपये की चोरी की गई।
इसी गांव के जय सिंह यादव के घर का ताला तोड़कर चोर 25 हजार रुपये नकद, सोने के कान के टॉप्स और चांदी की एक जोड़ी तोड़िया ले गए। परिवार शादी में गया था। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि तीन संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
फोटो-26-बिंदकी में चोरी के बाद खुला पड़ा बक्सा। संवाद