फतेहपुर। विदेश में नौकरी लगवाने का झांसा देकर दो युवकों से दो लाख रुपये की ठगी की गई। कोर्ट के आदेश पर सदर कोतवाली पुलिस ने सगे भाइयों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के सराय मीना शाह गांव निवासी संदीप कुमार का आरोप है कि सैयदवाड़ा मोहल्ला निवासी सगे भाइयों मोहम्मद इरशाद और मोहम्मद इसरार से मुलाकात हुई थी। उन लोगों ने विदेश में नौकरी लगवाने का झांसा दिया था।
कई लोगों की पहले नौकरी लगवाने की बात कही। नवंबर 2020 में संदीप ने अपना और दोस्त अरबपुर निवासी शरीफ का पासपोर्ट और 50-50 हजार रुपये इरशाद को दिए। इरशाद और इसरार ने एक हफ्ते में दुबई भेजने की बात कही।
जहां हॉस्पिटल और मॉल में 20 हजार रुपये प्रतिमाह में काम दिलाने की बात कही। 28 दिसंबर 2020 को इरशाद ने शरीफ के मोबाइल पर व्हाट्सएप पर टिकट और वीजा भेजा और एक लाख रुपये की मांग की।
संदीप कुमार ने बताया कि उनके घर जाकर दोनों लोगों ने एक लाख रुपये दिए। टिकट और वीजा लिया। वह दोनों एक जनवरी 2021 को दुबई पहुंच गए। जहां पता लगा कि वीजा टूरिस्ट है। उन्हें नौकरी नहीं मिलेगी।
दुबई में कुछ दिन तक भटकते रहे। उसके बाद घरवालों ने वापसी की टिकट कराई। तब वह लोग घर लौट सके। इसके बाद इसरार और इरशाद से रुपये लौटाने की मांग की। तभी दोनों भाइयों ने उसे जातिसूचक शब्द बोले।
गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। कोतवाल आनंद प्रकाश शुक्ला ने बताया कि एससी-एसटी एक्ट, फ्रॉड समेत कई धाराओं में आरोपियों पर मामला दर्ज किया। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।