फोटो-04-मालविका सिंह। स्रोत स्वयं
फतेहपुर। नगर के वर्मा चौराहा निवासी मालविका सिंह ने अचार और मुरब्बे के कारोबार से न केवल खुद को आत्मनिर्भर बनाया बल्कि क्षेत्र की महिलाओं को भी स्वावलंबी बनने का अवसर दिया। उन्होंने हसवा ब्लॉक के रामपुर थरियांव में अचार व मुरब्बा उत्पादन का कार्य शुरू कर बेटियों और गृहणियों को रोजगार से जोड़ा।
मालविका सिंह ने बताया कि वर्ष 2019 में उन्होंने रामपुर थरियांव में मां गायत्री फूड प्रोडक्ट यूनिट की स्थापना की थी। यहां विभिन्न प्रकार के अचार और कैंडी बनाने का काम शुरू किया। इस कार्य में गांव व आसपास की महिलाओं को रोजगार दिया गया। इसके बाद वर्ष 2022 में सांईराम महिला स्वयं सहायता समूह का गठन किया गया।
अचार की बढ़ती मांग को देखते हुए समूह से जुड़ी महिलाओं को रोजगार देने का दायरा बढ़ाया गया। रामपुर थरियांव में अचार और मुरब्बा तैयार कर स्टॉल के माध्यम से भी बिक्री की जा रही है। इस कार्य से मालविका सिंह आर्थिक रूप से मजबूत बनीं, वहीं समूह की अन्य महिलाओं को भी रोजगार मिला।
आम, आंवला, मिर्च और लहसुन के अचार के सीजन में 30 से 40 महिलाओं को काम मिलता है। इस कार्य में 15 महिलाएं नियमित रूप से कार्य कर रही हैं। उनका लक्ष्य अधिक से अधिक महिलाओं को रोजगार देकर आत्मनिर्भर बनाना है।
फोटो-04-मालविका सिंह। स्रोत स्वयं