बिंदकी। सीएचसी में जनवरी माह में अत्याधुनिक सेलेक्ट्रा मशीन लगी थी, लेकिन अभी तक जांच के लिए उपयोग होने वाला रीजेंट और जांच कर्मचारी की तैनाती नहीं हो पाई है।
सीएचसी बिंदकी में 10 जनवरी को लैब में सेलेक्ट्रा मशीन लगाई गई थी। इस मशीन की खास बात है कि कम समय में ही एक बार में लगभग 50 जांच रिपोर्ट एक साथ तैयार कर सकती है। इससे लीवर, किडनी, सीबीसी की जांच की सुविधा है। कार्यदायी संस्था की अनदेखी से अब तक जांच में उपयोग होने वाला रीजेंट उपलब्ध नहीं है। मशीन चलाने के लिए कर्मचारी की तैनाती नहीं है। इससे चार महीने से मरीजों को मिलने वाली सुविधा अधर में अटकी है। अभी तक बायोकेमेस्ट्री मशीन से सीएचसी में मरीजों के ब्लड की जांच हो रही है। इससे अधिक समय लगता है। प्रतिदिन बिंदकी सीएचसी में लगभग 300 से अधिक मरीजों की खून की जांच के लिए सैंपल आते हैं। मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण समय से जांच रिपोर्ट नहीं मिल पाती और मरीजों को जांच रिपोर्ट के लिए दूसरे दिन का इंतजार करना पड़ता है। अधीक्षक डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि संबंधित संस्था और उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर जल्द मशीन से जांच की सुविधा शुरू कराई जाएगी।