फतेहपुर। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 11वीं किस्त किसानों के खाते में हस्तांतरित करेंगे। इसमें जिले के साढ़े तीन लाख किसानों के खाते में भी दो-दो हजार रुपये की धनराशि पहुंचेगी। ब्लॉकों और जिला मुख्यालय पर प्रधानमंत्री के वर्चुअल कार्यक्रम में योजना में पंजीकृत किसान प्रतिभाग करेंगे।
जिले में 4.02 लाख किसान इस योजना के तहत पंजीकृत हैं। सत्यापन के बाद कृषि विभाग ने इनमें से 3.50 लाख किसानों का डाटा 11वीं किस्त के लिए केंद्र सरकार को भेजा है। अन्य किसानों का डाटा सत्यापन के बाद भेजा जाएगा। जिन किसानों का डाटा भेजा जा चुका है, उनके खाते में मंगलवार को 11वीं किस्त के रूप में दो हजार रुपये की धनराशि भेजेंगे। प्रत्येक ब्लॉक पर आयोजित कार्यक्रम में 20-20 और जिला मुख्यालय पर 50 किसान मौजूद रहेंगे। उप कृषि निदेशक राममिलन सिंह परिहार ने बताया कि सुबह 9:45 बजे से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों से संवाद करेंगे। विकास भवन सभागार, केवीके थरियांव के अलावा सभी ब्लाक सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।