फतेहपुर राजकीय बीज भंडारों पर लगाए गए स्टाल से संकर धान का बीज खरीदने वाले किसानों के खाता में अभी तक सब्सिडी नहीं पहुंची है। बीज खरीदने के बाद कृषि विभाग में किसानों ने दस्तावेज जमा कर दिए हैं। जिले के साढ़े तीन हजार किसान सब्सिडी आने का इंतजार कर रहे हैं। अब किसानों को धान की फसल में उर्वरक का छिड़काने के लिए रुपये की जरूरत है और सब्सिडी न मिलने की वजह से परेशान हैं।
तीन महीने पहले कृषि विभाग ने किसानों को संकर बीज छूट पर दिलाने के लिए जिले के 13 ब्लाकों में स्टाल लगवाए थे। इसमें प्राइवेट दुकानदारों ने किसानों को 300 रुपये प्रति किलो की दर से संकर बीज बेचा था। किसानों के खातों में सरकार की ओर से 50 प्रतिशत की सब्सिडी आनी थी।
13 ब्लाकों में लगाए गए स्टाल से करीब साढ़े तीन हजार किसानों ने मंहगे दाम पर बीज खरीदा था। तीन महीने बीत चुके हैं लेकिन सब्सिडी नहीं आई है। जबकि किसान राजकीय बीज भंडार में सारी कागजी कार्यवाही पूरी कर चुके हैं। हसवा ब्लाक के किसान गुलाब सिंह ने बताया कि नौ किलो संकर धान का बीज खरीदा था। अभी तक सब्सिडी नहीं आई है। इससे दिक्कत बढ़ गई है।
उप कृषि निदेशक अनिल कुमार पाठक ने बताया कि जिन किसानों ने संकर बीज खरीदा है। उनका डाटा फीड कर दिया गया है। शासन से बजट मिलते ही किसानों के खाता में सब्सिडी भेज दी जाएगी।