सांसद के आदर्श गांव परसेढ़ा के ग्रामीणों ने बिजली, पानी, स्कूल की सुविधा मुहैया होने के बदले शराब से तौबा करने की कसम खाई है। खास गांव में पहुंचे सीडीओ के एक नशा छोड़ने के आह्वान पर ग्रामीणों ने पखवारेभर में शराबखोरी से गांव को आजादी दिलाने की कसम खाई।
ग्रामीणों के इस जज्बे को देखते सीडीओ परसेढ़ा की खेतों को मवेशियों से बचाने और जूनियर हाईस्कूल को उच्चीकृत करते हुए गांव में हाईस्कूल स्तर की तालीम मुहैया कराने का वादा किया।
अमौली ब्लाक के तिरहार में बसे परसेढ़ा गांव में सीडीओ भवानी सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक अमला सुबह साढ़े 10 बजे पहुंचा।
सीडीओ ने बैठक में ग्रामीणों की मूलभूत समस्याएं जानीं और रायशुमारी भी ली। सीडीओ ने गांव को बिजली से जगमग करने की मांग को पूरा कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि सर्वे मेें दो किलोमीटर के दायरे में 107 विद्युत पोल गड़ने हैं। गांव के लिए 63 केवीए के दो और 25 केवीए का एक विद्युत ट्रांसफार्मर पास हो चुका है। पेयजल सुविधा के लिए 10 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाए जाने का शासन को इस्टीमेट भेजे जाने की बात रखने के साथ ओवरहेड टैंक बनाए जाने का खुलासा किया।
साथ ही गांव में उच्च शिक्षा न होने से ड्राप आउट होने वाली बालिकाओं की बढ़ती संख्या को रोकने के लिए जूनियर हाईस्कूल को उच्चीकृत कराए जाने की बात रखी। करीब ढाई घंटे की इस खुली बैठक में सरकारी योजनाओं का पिटारा खोलने वाले सीडीओ ने आदर्श गांव बनाने के लिए ग्रामीणों से भी आदर्श बनने की अपील की। सीडीओ के कोई एक नशे से दूर रहने के आह्वान पर ग्रामीणों ने पखवारे भर के अंदर शराब छोड़ देने की कसम खाई। इस मौके पर डीडीओ मिथलेश सचान, डीपीओ शरद अवस्थी, मनरेगा सब कमिशभनर आरपी मिश्रा, बीडीओ अमौली ज्ञान सिंह समेत समस्त जवाबदेह विभाग के मुखिया मौजूद रहे।
इंसेट
धांधली की शिकायत की
अमौली। परसेढ़ा की बीना व रानी ने अमीरों को आवास दिए जाने का आरोप लगाया। सीडीओ ने नाम उजागर करने को कहा। ग्रामीणों ने कहा कि वह बड़े लोग हैं। नाम लिया तो ठीक नहीं होगा। साधना देवी ने राजस्व विभाग पर निशाना साधा। बताया कि 13 बीघा खेती का मुआवजा अभी तक नहीं मिला। अन्य ग्रामीणों ने भी इसी पर शिकायत करनी शुरू कर दी। सीडीओ ने उपरोक्त मामलों पर कार्रवाई की बात कही।