चौडगरा। कल्यानपुर थाने के बोधीखेड़ा गांव में रहने वाले एक किसान के खाते से पचास हजार रुपये निकाल लिए गए। परेशान किसान ने बैंक और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
मंगलवार सुबह किसान अमित कुमार के मोबाइल पर एक फोन आया। उन्होंने बताया कि फोन करने वाले ने पूछा कि आपके यहां जो लड़की हुई है उसका सरकारी पैसा अभी आपके खाते में नहीं पहुंचा है। अपना एकाउंट नंबर और एटीएम नंबर बता दीजिए। अमित कुमार ने सब बता भी दिया। बताने के 15 मिनट बाद मोबाइल पर दो मैसेज आए, जिसमें उसके खाते से दो बार में 25-25 हजार रुपये निकाल लिए गए। मैसेज देखते ही किसान के होश उड़ गए और वह भागकर स्टेट बैंक चौडगरा पहुंचा। बैंक में पता चला कि मुंबई व गुड़गंाव से पैसा निकला है। भुक्तभोगी ने घटना की सूचना पुलिस को दी है। चौकी प्रभारी सुमित देव पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है जिस नंबर से काल आई थी, उसकी जानकारी जुटाई जा रही है।