बिंदकी। कस्बे की कांशीराम कॉलोनी में सोमवार को एक ग्रामीण तीसरी मंजिल से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वह फंदा लगाने का प्रयास कर रहा था तभी रस्सी टूट गई।
कांशीराम कॉलोनी के ब्लॉक नंबर एक के कमरा नंबर 10 में गरीबे (55) बेटे देशराज के साथ रहता है। वह कमजोर आर्थिक स्थिति और बेटे से तालमेल न होने के कारण मानसिक तनाव में था। सोमवार को गरीबे कॉलोनी की तीसरी मंजिल की छत पर पहुंचा।
उसने पिछले हिस्से में लगी गैस पाइपलाइन में प्लास्टिक की पतली रस्सी से फंदा लगाने का प्रयास किया। इसी दौरान रस्सी टूट गई और वह जमीन पर जा गिरा। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल गरीबे को सीएचसी पहुंचाया। यहां से उसकी गंभीर हालत देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।